बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने कनिष्ठ न्यायिक सहायक (कंप्यूटर) भर्ती 2025 को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। जारी नोटिस के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के प्रथम चरण की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है।
यह लिखित परीक्षा छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम), रायपुर द्वारा 4 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की गई, जिसके अनुसार विज्ञापन की शर्तों के तहत 1:15 अनुपात में कुल 178 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए पात्र घोषित किया गया है।
उच्च न्यायालय द्वारा बताया गया है कि इन चयनित अभ्यर्थियों को अब द्वितीय स्तर की कौशल परीक्षा (Skill Test) में शामिल होना होगा। इस परीक्षा की संभावित तिथि 26 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
पात्र अभ्यर्थियों की सूची उच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। वहीं, कौशल परीक्षा का समय, परीक्षा केंद्र, प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश जल्द ही वेबसाइट पर अलग से जारी किए जाएंगे।उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण अपडेट से वंचित न रहें।